Spread the love

मुस्करा (हमीरपुर)। सिंचाई विभाग की लापरवाही और निर्माण कार्य में हुई कथित अनियमितता के चलते क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली 11 किलोमीटर लंबी नहर पटरी सड़क महज दो साल में ही जर्जर हो गई है। विकासखंड मुस्करा के बिहूनी से चन्दोरा डेरा होते हुए दामुपुरवा तक जाने वाली इस सड़क पर अब डामर की जगह सिर्फ गड्ढे और उखड़ी हुई गिट्टियां ही नजर आ रही हैं। लाखों रुपये की लागत से बनी इस सड़क के बदहाल होने से दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों का आवागमन दूभर हो गया है मौदहा डैम की मुख्य नहर की पटरी पर बनी यह सड़क क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए आवागमन का मुख्य जरिया है। किसान इसी मार्ग से अपनी उपज, खाद-बीज और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आते-जाते हैं। इसके अलावा स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग और मरीज भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। वर्तमान में हालात यह हैं कि पूरे 11 किलोमीटर के सफर में हर 50 से 100 मीटर पर जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। कई स्थानों पर सड़क का नामोनिशान मिट चुका है और केवल मिट्टी व बिखरी गिट्टी बची है सड़क पर उखड़ी गिट्टियों के कारण दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। गड्ढों में ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसना आम बात हो गई है। रात के अंधेरे में खतरा और भी बढ़ जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चे कई बार गिरकर घायल हो चुके हैं। वहीं, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने में एंबुलेंस व अन्य वाहनों को भारी मशक्कत करनी पड़ती है। यह सड़क नहर की निगरानी और सफाई के लिए सिंचाई विभाग के कर्मचारियों का भी मुख्य मार्ग है, जिसके टूटने से नहर का रखरखाव भी प्रभावित हो रहा है ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के समय ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से मानकों की जमकर अनदेखी की गई। न तो उचित मात्रा में तारकोल डाला गया और न ही रोलर से ठीक से कुटाई की गई। निर्माण के वक्त ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे, लेकिन जिम्मेदारों ने अनसुना कर दिया। कई बार शिकायत के बाद भी विभाग ने मरम्मत नहीं कराई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो वे जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *