Spread the love

सरीला (हमीरपुर)। शादी के बाद मंदिर में डलिया चढ़ाकर घर लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली शुक्रवार देर रात झबरा चौराहे के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार नौ महिलाओं समेत 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को चार एंबुलेंस से सीएचसी सरीला पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सात घायलों को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो वर्षीय बच्ची को खरोंच तक नहीं आई जालौन जिले के इटौरा गांव निवासी शिवम और अमृता की शादी 24 नवंबर को हुई थी। शुक्रवार को शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन अलग वाहन से थाना जरिया क्षेत्र के जिटकिरी गांव स्थित संदेशन देवी मंदिर पहुंचे थे। वहां मंदिर में हाथ लगाने और डलिया चढ़ाने के बाद दूल्हा-दुल्हन अपने वाहन से और अन्य महिला-पुरुष ट्रैक्टर-ट्रॉली से इटौरा गांव लौट रहे थे। देर रात झबरा चौराहे के पास पहुंचते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जाकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक अनिल तिवारी समेत 11 लोग घायल हो गए। घायलों में नौ महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। घायलों में अनिल तिवारी, फूलादेवी, निर्मला, पूजा, अनीता, उर्मिला, साक्षी, रागनी, रजनी, खुशी और रितिक शामिल हैं। अनिल तिवारी, अनीता, निर्मला, पूजा, उर्मिला, रजनी और साक्षी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो वर्षीय कृतिका पुत्री विपिन तिवारी पूरी तरह सुरक्षित रही। थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के ब्रेक नहीं लगने के कारण वह सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में सभी लोगों को चोटें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है। हादसे की जानकारी पर एसडीएम विकास कुमार यादव और सीओ शाहरूख खान ने सीएचसी सरीला पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *