मुस्करा, हमीरपुर। कस्बे के प्रेमनगर स्थित श्याम दुलैया बाल विद्यालय जूनियर हाईस्कूल, जिसे एचडी ग्लोबल विजन स्कूल के नाम से भी जाना जाता है, के प्रधानाचार्य रियाज़ मोहम्मद समेत आठ सहायक शिक्षकों ने तीन माह से वेतन न मिलने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। शिक्षकों का आरोप है कि वेतन मांगने पर गुरुवार सुबह उन्हें विद्यालय से बाहर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष को दिए प्रार्थना पत्र में शिक्षकों ने बताया कि वे सभी विद्यालय में शिक्षण कार्य कर रहे हैं। प्रत्येक माह विद्यालय प्रबंधक आशा सक्सेना से वेतन की मांग की जाती रही, लेकिन आश्वासन के बावजूद तीन माह बीतने के बाद भी किसी शिक्षक को पूरा वेतन नहीं दिया गया। शिक्षकों के अनुसार गुरुवार आठ अक्टूबर को सुबह करीब आठ बजे सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने वेतन की मांग की तो उन्हें विद्यालय से बाहर कर दिया गया।
शिक्षकों ने पुलिस से प्रबंधक से बकाया वेतन दिलाए जाने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में प्रधानाचार्य सहित पांच पुरुष और चार महिला शिक्षकों के हस्ताक्षर बताए गए हैं।