सुमेरपुर हमीरपुर । हिंदुस्तान यूनिलीवर में ड्यूटी करने के बाद गुरुवार की रात बाइक से गांव लौट रहे तीन कर्मचारियों को गैस गोदाम के पास सामने से आ रही डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया थानाध्यक्ष राममोहन राय ने बताया कि मवईजार निवासी धर्मेंद्र कुमार (35) पुत्र श्रीचंद्र उर्फ सूरा वर्मा, दीपक कुमार (25) पुत्र रमेश वर्मा और शोभित (19) पुत्र श्याम सुंदर हिंदुस्तान यूनिलीवर में काम करते थे। गुरुवार रात करीब 11 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद तीनों बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी गैस गोदाम के पास नेशनल हाईवे पर मौदहा की ओर से आ रही डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए पीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दीपक और शोभित को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में मंझला था। वह अपने पीछे पिता श्रीचंद्र उर्फ सूरा, मां प्रेमा, पत्नी निशा, पुत्र आर्यन और दो माह की दुधमुंही बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गया है। पुलिस ने डीसीएम और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है।



