मुस्करा हमीरपुर | प्रतिजा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड मुस्करा की चतुर्थ वार्षिक आमसभा (एजीएम) बुधवार को एफपीओ कार्यालय में आयोजित हुई। कार्यक्रम में अधिकारियों, संचालक मंडल, शेयरधारक सदस्यों और किसान सदस्यों ने सहभागिता की।
मुख्य अतिथि सहायक खंड विकास अधिकारी (ग्राम विकास) अमित जैन ने एफपीओ की कार्यप्रणाली और गतिविधियों की जानकारी देते हुए जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट समेत अन्य जैविक उत्पादों के उत्पादन, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़ने को लेकर मार्गदर्शन दिया।
ब्लॉक मिशन प्रबंधक शिवाकांत दीक्षित ने एफपीओ में शेयरधारक सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर जोर देते हुए इसे 1500 तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने संचालक मंडल की नियमित बैठक और सदस्यों की सक्रिय भागीदारी को एफपीओ के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक बताया।
आमसभा में कंपनी की वित्तीय स्थिति, व्यवसायिक गतिविधियों, कृषि इनपुट व्यवसाय, कृषि उत्पादों के विपणन, महिला किसानों की भागीदारी, सदस्यता विस्तार और आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। एफपीओ को मजबूत, आत्मनिर्भर और किसान-केंद्रित संस्था के रूप में विकसित करने तथा महिला किसानों को बेहतर बाजार और व्यवसायिक अवसरों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मपाल, कृषि विभाग से भारती, आशीष शर्मा, गौरव, रामस्वरूप, एसएलएफ से अक्षित चतुर्वेदी, टीआईआरएफ स्टाफ, एफपीओ के सीईओ रामकुमार, एकाउंटेंट अजहर, निशि समेत संचालक मंडल, शेयरधारक और किसान सदस्य मौजूद रहे।