Spread the love

राठ (हमीरपुर)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को राठ कस्बे में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिस की कथित कार्रवाई के विरोध में किया गया। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस्तीफे की मांग उठाई।
कांग्रेस के पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी ने बताया कि दिल्ली में कांग्रेस नेता जब ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, तब पुलिस ने उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज किया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया। राठ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविदास मंदिर धर्मशाला से जुलूस शुरू किया। जुलूस कोट बाजार होते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस के हमीरपुर जिलाध्यक्ष गोविंद अहिरवार ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर भाजपा सरकार के साथ मिलकर ‘वोट चोरी’ करने का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस यूथ जिलाध्यक्ष दुष्यंत राजपूत, नगर अध्यक्ष जीतेन्द्र चौबे, डॉ. श्रीश राजपूत, बुंदेलखंडी मईयादीन साहू, हरी शरण राजपूत, शकील अहमद और रिहान राइन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *