सुमेरपुर (हमीरपुर)। प्रशासन की लगातार सख्ती और अभियान के बावजूद बिना नंबर प्लेट के ओवरलोड बालू ट्रकों का संचालन थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासनिक टीमें सड़कों से हटते ही ये भारी वाहन बेखौफ होकर फर्राटा भरने लगते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। शासन के निर्देश पर ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए समय-समय पर प्रशासन और परिवहन विभाग द्वारा कार्रवाई की जाती है। इसके बावजूद बिना नंबर प्लेट लगे ट्रकों से बालू ढुलाई खुलेआम जारी है। रविवार दोपहर कस्बे से गुजर रहे ऐसे ही एक ओवरलोड ट्रक को कैमरे में कैद किया गया, जिसने प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना नंबर वाले ट्रकों से हादसा होने पर वाहन की पहचान कर पाना मुश्किल हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
