सुमेरपुर (हमीरपुर)। शनिवार रात गल्ला मंडी के सामने हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक की कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।नारायणपुर गांव निवासी अर्जुन (32) पुत्र सिद्धगोपाल शनिवार रात कस्बे से सब्जी खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। गल्ला मंडी के सामने पहुंचते ही सामने से आ रहे लकड़ी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अर्जुन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें कानपुर ले गए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।अर्जुन अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करा दिया है और फरार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज़ कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

