राठ (हमीरपुर)। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के तहसील सभागार राठ में व्यापारी बंधुओं की जिला स्तरीय बैठक एडीएम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व्यापारियों की समस्याओं को रखा।
बैठक में उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष केजी अग्रवाल ने कस्बे की कोटबाजार स्ािित फुटकर सब्जी मंडी जो पिछले पांच सालों से बनी हुई है सब्जी मंडी लगवाने की मांग की। केजी अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में फुटकर सब्जी दुकानदार सड़क पर सब्जी बेंचते हैं जिससे जाम की समस्या बनी रहती है। इसके अलावा कस्बे के अंदर जुलूस मार्ग पर अतिक्रमण हटाने, कुरारा में बुधवार बंदी एवं वार्ड नं. 6 में पेयजल की समस्या का निस्तारण करने, हमीरपुर के सुभाष बाजार में 75 सालों से लगती आ रही सब्जी मंडी को उसी स्थान पर लगवाने की मांग की। वहीं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ब्रजेश गुप्ता ने कस्बे में जलापूर्ति न होने की शिकायत की। बताया कि जलसंस्थान द्वारा एक दिन छोड़कर जलापूर्ति की जा रही है। इस पर एडीएम ने जलसंस्थान के जेई को फटकार लगाई। कस्बे में बिजली व्यवस्था को लेकर बताया कि कुल 9 लाइनमैनों के भरोसे कस्बे की व्यवस्था चल रही है। फाल्ट होने पर घंटों बिजली बंद रहती है। जिससे लोगों कोपरेशानी का सामना करना पडता है। चौपरा मंदिर मार्ग बुरी तरह से जर्जर होने पर सड़क बनवाने की मांग की। बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर जाते हैं। कस्बे के चौराहों पर ट्राफिक पुलिस द्वारा गलत तरीके से फोटो खींच चालान किया जा रहा है। इसके अलावा वाहन चालकों से अवैध वसूली की जाती है। इस पर रोक लगाई जाए। इस दौरान एडीएम ने सभी अधिकारियों को समस्या का शीघ्र निस्तारण करने की बात कही। बैठक में एसडीएम चित्रा निर्वाल, काशी प्रसाद गुप्ता, अययूब खान, मनोज सोनी, अशोक कुमार गुप्ता, रहमत बेग, रामप्रकाश कुरारा, धीरेंद्र प्रकाश हमीरपुर, शिवकुमार सोनी, ब्रजेंद्र सोनी भोले, नवीन गुप्ता आदि व्यापारी रहे।
