महोबा। जिलाधिकारी महोबा श्रीमती गजल भारद्वाज के निर्देश एवं हस्तक्षेप के उपरांत सिंचाई प्रखंड महोबा के अधिशाषी अभियंता मोतीलाल द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए पेंशनरों की लंबित समस्याओं का समाधान कर उनका विश्वास जीत लिया गया। आज सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लंबित दावों एवं वर्ष 2016 के पूर्व सेवानिवृत्त कार्मिकों के पेंशन पुनरीक्षण से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु पूर्व निर्धारित समय पर वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान, उ.प्र. के महामंत्री बी0के0 तिवारी के नेतृत्व में अध्यक्ष सुनील शर्मा के साथ प्रतिनिधि मंडल ने अधिशाषी अभियंता मोतीलाल से भेंट की।
बैठक के दौरान लगभग एक दर्जन पेंशनरों के प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें से सोहनलाल, देवकीनंदन, रामगोपाल शर्मा एवं गुलशन आदि के प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कर दिया गया। वार्ता के दौरान दो बार कोषागार से दूरभाष पर संपर्क कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराया गया। साथ ही लालता प्रसाद विश्वकर्मा, राजनारायण दीक्षित एवं श्रीमती राधा के अवशेष दावों का निस्तारण बजट प्राप्त होते ही शीघ्र किए जाने का आश्वासन दिया गया।
बैठक के दौरान एक गंभीर प्रकरण में पेंशनर गुलशन द्वारा अवगत कराया गया कि उनके अवशेष भुगतान में एक कर्मचारी द्वारा ₹3000 की अवैध धनराशि ली गई है। इस पर अधिशाषी अभियंता मोतीलाल ने तत्काल संबंधित कर्मचारी को बुलाकर जांच की, जिसमें धनराशि लेने की पुष्टि होने पर पेंशनर के समक्ष ही राशि वापस कराई गई तथा भविष्य में शिकायत मिलने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की चेतावनी दी गई। अधिशाषी अभियंता द्वारा सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि पेंशनरों के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा प्रत्येक सप्ताह समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उनकी इस कार्यवाही से विभाग में सजगता एवं उत्तरदायित्व का वातावरण बना है।
वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने मोतीलाल के इस सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया तथा उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया।
