महोबा । अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मुईनुल इस्लाम के निरीक्षण में सुबह जिला अस्पताल ओपीडी का पर्चा काउंटर बन्द मिला और मरीज पर्चा बनवाने के लिए कतार में खड़े मिले। ओपीडी निरीक्षण में डॉक्टर वार्ड के राउंड करते मिले। एक डाक्टर समेत एक दर्जन से अधिक स्वास्थ्य और सफाई कर्मी अनुपस्थित मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपस्थिति रजिस्टर में अनुपस्थिति दर्ज की। उन्होंने सीएमएस को कड़े निर्देश देते हुए चिकित्सकों सहित सभी स्टाफ की निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं उपचार हेतु आने वाले मरीजों को शासन की मंशानुरूप हर सम्भव अच्छी से अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं गर्मी को देखते हुए वार्डो में भर्ती मरीजों को गर्मी से बचाव के लिए ए सी और कुलर पंखे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बुधवार को सुबह आठ बजे ओपीडी खुलने के समय अचानक अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) महोबा मुईनुल इस्लाम जिलाधिकारी श्रीमती गज़ल भारद्वाज के निर्देश पर जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे। जहां उन्हें ओपीडी का पर्चा काउंटर निर्धारित समय उपरान्त भी बन्द मिलने एवं पर्चा बनवाने के लिए मरीज कतार में खड़े मिलने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए पर्चा बनाने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए कहा। निरीक्षण दौरान ओपीडी में अधिकांश डाक्टरों के कक्ष खाली मिले पर बताया गया कि डाक्टर वार्ड में भर्ती मरीजों की नियमित जांच हेतु राउंड पर है। एडीएम ने इमरजेंसी अनुभाग, पैथोलॉजी लैब और वार्ड का विशेष रूप से निरीक्षण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत देखी। लैब में होने वाली जॉच के बारे में जानकारी ली। इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे डाक्टर अमित राजपूत से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को दिए जाने वाले उपचार के बारे में पूछा। वार्ड में भर्ती मरीजों से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में फीड बैक लिया। मरीजों ने अस्पताल की सुविधाओं और डाक्टरों के सुबह शाम नियमित रूप से राउंड करने एवं सभी प्रकार की जॉच और दवाएं अस्पताल से मिलने की जानकारी दी। मरीजों ने बताया कि अस्पताल की ओर से प्रतिदिन मरीजों को सुबह शाम पौष्टिक गुणवत्ता युक्त भोजन भी दिया जाता है। वार्ड में लगे कुछ ए सी बन्द मिलने के बारे में सीएमएस से जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि कुछ ए सी की सर्विस होना है। कुछ नए लगाए जा रहे है। बताया पर्याप्त मात्रा में ए सी, कुलर पंखे लगाए जा रहे है। बताया कि शासन के निर्देश पर सभी सुविधाओं से सुसज्जित एक हीटवेब वार्ड बनाया गया है। जिसमें हीटवेब एवं लू से पीड़ित मरीजों को भर्ती किया जाएगा निरीक्षण दौरान उपस्थिति रजिस्टर की जाँच में नियमित डॉक्टर पंकज राजपूत, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पलक, आउट सोर्सिंग सफाई कर्मी विनोद,दीपक,कविता,रवि, अजय, पर्चा काउंटर में तैनात श्रीमती कमलेश चौरसिया, राधा साहू, मुन्ना लाल, आशीष यादव सहित अन्य नियमित, आउट सोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारी अनुपस्थित मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। डाक्टर हेमन्त यादव और डॉक्टर देव प्रताप के अनुपस्थित के बारे में बताया कि देवप्रताप और डाक्टर हेमन्त यादव अवकाश पर चल रहे है। सीएमएस डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि 21 अप्रैल की रात्रि डाक्टर हेमन्त यादव की शादी होने के कारण अधिकांश डाक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ शादी में शरीक होने झांसी जनपद के तहसील टहरौली के कस्बा बगैहरा गए हुए थे। जिसके कारण देरी से लौटने के कारण समय पर ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो सके। एडीएम ने उपस्थित नहीं मिलने वाले कर्मचारियों को अनुपस्थित करते हुए समयबद्धता के साथ ड्यूटी करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था पर सन्तोष व्यक्त करते हुए और सुधार के निर्देश दिए।इस मौके पर सीएमएस डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. राजेश भट्ट, डॉ. गौतम चन्द्र वर्मा सहित अन्य चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा। प्रशासनिक अधिकारियों के आए दिन अस्पताल की सेवाओं के निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
