कुलपहाड़ (महोबा) तहसील अंतर्गत ग्राम मुढ़ारी में नमामि गंगे योजना के तहत हो रहे कार्य में हर घर जल योजना के आंकड़े पूर्णता हवा हवाई साबित हो रहे हैं। क्योंकि अभी आधे से ज्यादा गांव में न तो पाइपलाइन बिछाई गई है। और न ही नए कनेक्शन दिए जा रहे हैं। और जिन मोहल्ले में पाइप लाइन डाली भी गई है। वहां पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पानी आता भी है तो गंदगी व बदबूदार कीचड़ युक्त पानी आता है। ग्राम वासी दिव्यांग किशुन, देवेन्द्र, सूरज, दीनदयाल, सुजीत, प्रेम, बबलू, मन प्यारे, मानवेंद्र, छक्कीलाल, शिवम् आदि लोगों का कहना है कि अभी गांव की अधिकतर आबादी के सैकड़ों घरों व मोहल्लों में पानी नहीं पहुंच रहा है। गांव के दीवान साहब, हटवारा, सत्ती मोहाल, पिपरिया मोहाल, तिवारी मोहाल, ऑटो स्टैंड, संगम चौराहा, हरिजन बस्ती, नीम गुलिया, पहाड़िया मोहाल आदि में एक बाल्टी भी नलों की टोटीयों से पानी नहीं निकलता है। इसका कारण है कि टंकी का कम भरना और जगह-जगह पाईप लाइन में बड़े-बड़े लीकेज होने की वजह से ऊंचाई में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसके बावजूद भी एक दिन छोड़कर हर दूसरे दिन पानी सप्लाई दी जा रही है। गांव में टूटी सड़कों की हालत ऐसी बनी हुई कि मुख्य रास्ते गड्ढों में तब्दील होकर तालाब बन गए है। जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी तो बुजुर्गों, बच्चे, महिलाओं को होती है। जो आए दिन पैर फिसलकर गिरने को मजबूर रहते है। दुर्दशा की मार झेल रहें मुढ़ारी गांव में सड़क मरम्मत का कार्य कछुआ गति से चल रहा है। जिससे आवाज़ाही में ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
