चालू हैंडपंप को दो बार रिबोर दिखाकर भुगतान का आरोप, खराब पड़े हैंडपंपों से ग्रामीण परेशान
हमीरपुर। सरीला विकासखंड की ग्राम पंचायत हरसुंडी में हैंडपंप मरम्मत और रिबोर के नाम पर कथित फर्जी भुगतान का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और सचिव पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुटी आश्रम परिसर में स्थित एक हैंडपंप, जो पहले से ही सुचारु रूप से संचालित था, उसे अभिलेखों में खराब दर्शाकर दो बार रिबोर कराया जाना दिखाया गया। आरोप है कि इस कार्य के नाम पर भुगतान भी किया गया, जबकि हैंडपंप लगातार उपयोग में था। ग्रामीणों का कहना है कि जहां एक ओर अभिलेखों में मरम्मत और रिबोर के कार्य दर्शाए गए, वहीं दूसरी ओर हरसुंडी मजरा डेरा में कई हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं। इससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराकर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जांच होने पर पंचायत स्तर पर हुई संभावित वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार तथा खंड विकास अधिकारी पी.डी. गुप्ता से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी सुबोध जोशी ने मामले की जांच कराए जाने की बात कही है।
