मुस्करा (हमीरपुर)। मुस्करा से जरिया क्षेत्र में निमंत्रण कार्यक्रम में जा रहे दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक से हुए विवाद के बाद दोनों युवकों को गांव ले जाकर बंधक बनाकर बेल्ट, डंडों, लात-घूंसों से जमकर पीटा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी मुस्करा में भर्ती कराया, जहां से एक युवक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार उपरहका थाना मुस्करा निवासी नरेंद्र पुत्र रामकृपाल राजपूत तथा बघरोन जिला महोबा निवासी राहुल पुत्र रामबाबू, जो वर्तमान में मुस्करा स्थित एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है, शनिवार शाम करीब सात बजे बाइक से जरिया थाना क्षेत्र के मनकहरी गांव में एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। आरोप है कि जैसे ही दोनों बंडवा गांव के पास विरमा नदी पर बने पुल के निकट पहुंचे, सामने से अवैध रूप से लकड़ी लादकर आ रहे एक ट्रैक्टर से साइड लेने को लेकर उनकी कहासुनी हो गई।
नरेंद्र के अनुसार विवाद बढ़ने पर ट्रैक्टर चालक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों को पकड़कर गांव ले जाया गया, जहां उन्हें बांधकर बेल्ट, डंडों तथा लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पीआरवी-112 पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा पहुंचाया जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ शिव जी गुप्ता ने नरेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। उसके शरीर और पीठ पर चोटों के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं दूसरे घायल राहुल के पिता रामबाबू ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध लकड़ी का कारोबार होता है और मामूली विवाद पर उनके बेटे समेत दोनों युवकों को बुरी तरह पीटा गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा दर्ज की गई रिपोर्ट तथ्यों के अनुरूप नहीं है। इस संबंध में वह पुलिस अधीक्षक हमीरपुर से शिकायत करेंगे।
वहीं थाना प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घायल पक्ष स्वयं तहरीर देने थाने आया था और उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने क्षेत्र में अवैध लकड़ी के व्यापार के आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

