राठ (हमीरपुर)। सरकारी आदेशों में स्थानांतरण और कार्यमुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो गई, नए अधिकारियों को ब्लॉक की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई, लेकिन इसके बावजूद पुराने अधिकारी की सक्रियता अब चर्चा का विषय बन गई है। मामला राठ में आयोजित जिला स्तरीय मिनी बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का है, जहां चित्रकूट के लिए कार्यमुक्त किए जा चुके पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाते नजर आए। सरकारी आदेशों और कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी के बीच सामने आए इस घटनाक्रम ने बेसिक शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हमीरपुर की ओर से जारी 17 नवंबर 2026 के कार्यमुक्ति आदेश में खंड शिक्षा अधिकारी गोहांड शैलेश कुमार को जनपद चित्रकूट के लिए कार्यमुक्त किए जाने का स्पष्ट उल्लेख है। आदेश में उन्हें तत्काल चित्रकूट में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए थे। यानी विभागीय स्तर पर उनकी हमीरपुर से विदाई की प्रक्रिया पूरी कर दी गई थी। इसके बाद 21 नवंबर 2026 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से एक अन्य आदेश जारी हुआ, जिसमें स्थानांतरित होकर आए खंड शिक्षा अधिकारियों को ब्लॉक आवंटित किए गए। इस आदेश के तहत मिथिलेश कुमार को राठ ब्लॉक की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि आभा अग्रवाल को सुमेरपुर के साथ कुरारा, मौदहा और नगर क्षेत्र हमीरपुर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। मिथिलेश कुमार को मुस्करा, गोहांड और सरीला का भी अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया।
दो आदेशों के बीच राठ में पूर्व अधिकारी की सक्रियता ने बढ़ाई चर्चा
एक तरफ 17 नवंबर को शैलेश कुमार को चित्रकूट के लिए कार्यमुक्त करने का आदेश और दूसरी तरफ नए खंड शिक्षा अधिकारियों को जिम्मेदारी आवंटित करने का विभागीय आदेश है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि राठ में आयोजित जिला स्तरीय मिनी बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार की भूमिका किस हैसियत से तय की गई? क्या उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विभागीय स्तर से कोई लिखित अनुमति दी गई थी या फिर किसी अधिकारी के मौखिक निर्देश पर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई? मामले को लेकर विभागीय गलियारों में यह चर्चा भी है कि नए खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यभार संभालने के दौरान पुराने अधिकारी की सक्रियता के पीछे कुछ खास लोगों को तवज्जो देने की कोशिश हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में लगाए जा रहे आरोपों और चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अब बीएसए से जवाब मांग रहे सवाल
- चित्रकूट के लिए कार्यमुक्त किए जा चुके अधिकारी को राठ के सरकारी कार्यक्रम में जिम्मेदारी किसने दी?
- क्या पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी को कार्यक्रम में शामिल होने का कोई लिखित आदेश जारी हुआ था?
- नए खंड शिक्षा अधिकारी मिथिलेश कुमार को राठ का प्रभार मिलने के बावजूद कार्यक्रम में पूर्व अधिकारी की भूमिका क्यों रही?
- क्या कार्यमुक्ति आदेश के अनुपालन और विभागीय जिम्मेदारियों के हस्तांतरण की जांच होगी?
अब निगाहें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर टिकी हैं। विभाग को स्पष्ट करना होगा कि कार्यमुक्ति और नवीन तैनाती के आदेशों के बीच यह स्थिति कैसे बनी। आखिर सरकारी आदेशों के बाद भी पूर्व अधिकारी की सक्रियता के पीछे क्या वजह थी और इसके लिए जिम्मेदार कौन है |



