राठ (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहपुर में गुरुवार शाम करीब छह बजे 22 वर्षीय विवाहिता आकांक्षा पत्नी हरिकान्त ने साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही राठ पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी राठ पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मृतका के पिता रविकरन श्रीवास और भाई लवकुश निवासी ग्राम कनवारा, थाना कोतवाली बांदा, जनपद बांदा को दी गई। शुक्रवार को दोनों सीएचसी राठ पहुंचे। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने तथा दहेज में बाइक और नकदी की मांग को लेकर आकांक्षा के साथ मारपीट और प्रताड़ना करने का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने आरोपी पति हरिकान्त को हिरासत में लिया है। मृतका के पिता व भाई तथा ससुराल पक्ष की मौजूदगी में नायब तहसीलदार राठ/मजिस्ट्रेट ने पंचायतनामा की कार्रवाई कराई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।