सरीला (हमीरपुर)। क्षेत्र के पतखुरी गांव में भादों की अष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाला वार्षिक मेला व दंगल लगातार बारिश के चलते स्थगित कर दिया गया। इसके बाद नवमी के दिन रविवार को ग्रामवासियों के सहयोग से वार्षिक मेला व दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में दूरदराज से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मुकाबले में उरई के पहलवान पुष्पेंद्र ने मवई के अमरसिंह को पटकनी दी। वहीं धौहल के अभिषेक ने छानी के अंकित को चित्त कर दिया। करमचंद के नारायण और कालपी के रिशु के बीच कुश्ती बराबरी पर छूटी।
धौहल के विनय और चंदोली के हिरदेश के बीच मुकाबला भी काफी रोचक रहा, जिसमें विनय ने हिरदेश को शिकस्त दी। दंगल में कुल 22 कुश्तियां संपन्न हुईं।
दंगल में रेफरी की भूमिका घनश्याम श्रीवास व हबीब ने निभाई, जबकि संचालन ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजबहादुर अनुरागी ने किया। इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक राजपूत, डालचंद्र राजपूत, वरिष्ठ सहयोगी राजेश विश्वकर्मा, राकेश पालीवाल, रामसिंह राजपूत समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण व दूरदराज से आए दर्शक मौजूद रहे।
मेला-दंगल समिति के सदस्यों ने अगले वर्ष इससे भी बेहतर आयोजन कराने की बात कही।
