सरीला(हमीरपुर)। गोहांड के खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार पांडेय ने सीएचसी राठ में रक्तदान कर युवाओं को समाजसेवा का संदेश दिया। रक्तदान के बाद उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। इससे किसी जरूरतमंद की जान बचाने में मदद मिलती है। लोगों में रक्तदान से कमजोरी आने की भ्रांति है, जबकि रक्तदान के बाद शरीर में नए रक्त का निर्माण होता है।
उन्होंने बताया कि वे पहले भी कई बार रक्तदान कर चुके हैं। बीते 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भी उन्होंने रक्तदान किया था। उम्र अधिक होने के बावजूद भी वह रक्तदान के लिए उत्साहित रहते हैं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने अपने अधीनस्थ सचिवों और कर्मचारियों से भी रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
बता दें बीडीओ विनोद कुमार पांडेय अपनी कार्यशैली और प्रशासनिक कार्यों के कुशल संपादन के लिए क्षेत्र में पहचान रखते हैं और विकासखंड की योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन सहित जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर देते है।
