मुस्करा हमीरपुर। आर्थिक रूप से परेशान किसान ने पत्नी से झगड़ने के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया कस्बा थाना क्षेत्र के बिंहुनी खुर्द गांव में बीती शनिवार रात में एक किसान दंपति के बीच घरेलू कलह के चलते किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिससे नाराज होकर पति ने फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना से घर में चीख पुकार मच गई।
बिंहुनी खुर्द गांव निवासी शिवा मिश्रा 24 वर्ष ने बताया कि उनके पिता मुन्नीलाल मिश्रा 60 वर्ष पुत्र श्यामसुंदर मिश्रा ने 2 वर्ष पहले अपनी लगभग 10 बीघा जमीन पर कृषि कार्य के लिए लोन पर नया ट्रैक्टर खरीदा था। जिसकी किस्तें चुकाने में परेशान रहते थे। दूसरी ओर कृषि भी साथ नहीं दे रही थी। इस वर्ष खरीफ की फसल अतिवृष्टि के चलते पूरी तरह से खराब हो चुकी है। जिससे पिता और अधिक परेशान रहते थे। आर्थिक रूप से परेशान होने के चलते घर में कलह होना आम बात हो गई थी। बीती रात मानसिक परेशान पिता की किसी बात पर मां सुहागरानी के साथ झगड़ा हो गया। इसके बाद पिता ने मां को एक कमरे में बंद कर दिया। और बाहर वाले कमरे में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया कि वह मां बाप का झगड़ा सुनते सुनते सो गया। बड़ा भाई निष्कर्ष 26 वर्ष बाहर शहर में रहकर मजदूरी कर पैसा कमाता है, जोकि शनिवार को ही घर से निकला था। मृतक के दो अविवाहित बेटे और एक विवाहित बेटी है।
रविवार सुबह शिवा ने पिता को फंदे पर लटका देखा तो उसकी चीज निकल गई। स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। जिस पर थाना उपनिरीक्षक राजीव कुमार साहू मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी लेते हुए शव को कब्जे में ले लिया। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने घटना से जुड़े साक्ष्य संकलित किए और शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। उपनिरीक्षक राजीव कुमार साहू ने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
