राठ (हमीरपुर)। राठ कस्बे के कोट बाजार इलाके में रविवार को चप्पल खरीदने पहुंचे एक युवक की दुकान की दूसरी मंजिल पर अचानक हालत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक की मौत से दुकानदार और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार युवक कोट बाजार की मनिहारी लाइन स्थित एक चप्पल की दुकान पर अपने लिए चप्पल खरीदने पहुंचा था। दुकानदार के मुताबिक चप्पल खरीदने के दौरान अचानक युवक ने खून की उल्टी की और अचेत होकर गिर गया। घटना के बाद दुकानदार ने डायल 112 पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से युवक को सीएचसी पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर राठ कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से करीब 800 रुपये मिले हैं। उसके पास एक बैग भी मिला है, जिसमें लोअर और टी-शर्ट रखी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि ये कपड़े उसने बाजार से खरीदे होंगे। घटना के समय युवक पैंट और शर्ट पहने था।राठ कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक युवक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शव को सीएचसी के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। मौत के वास्तविक कारण का पता जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
