Spread the love

राठ (हमीरपुर)। कस्बा क्षेत्र के रामलीला मैदान स्थित इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर शोरूम में खड़ी करीब 21 इलेक्ट्रिक स्कूटी, ई-रिक्शा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है।शोरूम से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना शोरूम मालिक को दी। जानकारी मिलते ही मालिक मौके पर पहुंचे तो अंदर इलेक्ट्रिक वाहन धू-धूकर जल रहे थे। पड़ोसियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। शोरूम मालिक सिद्धांत दीप चौबे पुत्र संजय चौबे, निवासी चोबट्टा राठ ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। उन्होंने बताया कि आग में करीब 21 इलेक्ट्रिक स्कूटी, ई-रिक्शा समेत शोरूम का फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। शोरूम मालिक ने फायर ब्रिगेड की टीम पर करीब एक घंटे की देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कई बार फोन करने के बावजूद दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंच सकी। आसपास के लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की। दमकल टीम के पहुंचने तक शोरूम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। राठ कोतवाली के उपनिरीक्षक संगम लाल ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *