Spread the love

जलालपुर (हमीरपुर)। क्षेत्र के पुरैनी गांव में उफनाते नाले को पार करते समय एक युवती तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से युवती की तलाश में जुटी है, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। जानकारी के अनुसार, पुरैनी गांव निवासी साधुराम की पुत्री प्रयांशी रविवार को पशुओं के लिए खेतों से चारा लेने गई थी। शाम को जब वह चारा लेकर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में पड़ने वाले नाले में पानी का बहाव बेहद तेज था। नाला पार करने के दौरान प्रयांशी का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी के तेज बहाव में बहने लगी। पास ही में मौजूद चरवाहों ने उसे डूबते देखा तो बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से नाले में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खबर लिखे जाने तक युवती का कुछ पता नहीं चल सका था। घटना की खबर फैलते ही नाले के आसपास ग्रामीणों का भारी हुजूम जमा हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि खोजबीन लगातार जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य राहत टीमों को भी बुलाया जाएगा।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *