राठ हमीरपुर – विधानसभा क्षेत्र 229-राठ में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अतिवृष्टि के कारण तिल, उड़द और मूंगफली समेत खरीफ की कई फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराने और किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है विधायक ने बताया कि राठ और सरीला क्षेत्र के लगभग सभी गांवों में लगातार अतिवृष्टि एवं जलभराव से व्यापक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि खरीफ की प्रमुख फसलें तिल, उड़द और मूंगफली समेत अन्य फसलें बर्बाद हो गई हैं। इसके अलावा कई गांवों में कच्चे मकान ढहने से ग्रामीणों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है उन्होंने पत्र में कहा कि कृषि स्थानीय किसानों की आजीविका का मुख्य साधन है और आय के अन्य साधन सीमित होने के कारण प्रभावित किसान परिवार जीवन-यापन की गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं विधायक मनीषा अनुरागी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विधानसभा क्षेत्र 229-राठ के सभी प्रभावित गांवों में शीघ्र प्रशासनिक टीम भेजकर पारदर्शी ढंग से नुकसान का सर्वे कराया जाए। साथ ही नष्ट हुई फसलों और अतिवृष्टि से ढहे मकानों के लिए पीड़ित किसानों एवं ग्रामीणों को जल्द उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
