मौदहा हमीरपुर – ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजय सिंह ने मौदहा विकासखंड के ग्राम छिरका में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित सीडब्ल्यूआर (क्लियर वाटर रिजर्वायर) का औचक स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सीडब्ल्यूआर परिसर एवं जल भंडारण संरचना का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली और रिजर्वायर की नियमित एवं गहन सफाई के साथ-साथ परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
एडीएम नमामि गंगे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टैंक एवं परिसर की पूर्ण सफाई तथा आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने के बाद ही जलापूर्ति शुरू की जाए, ताकि ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था के नियमित रखरखाव और संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की भी हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। इसलिए संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु एवं प्रभावी बनी रहे और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से आवश्यक कार्रवाई पूरी कर जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
