राठ (हमीरपुर)। सरीला ब्लॉक के हरसुंडी गांव से प्रशासनिक उपेक्षा और भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। गांव निवासी एक व्यक्ति ने ग्राम विकास अधिकारी पर भ्रष्टाचार और खुन्नस निकालने के गंभीर आरोप लगाते हुए सीएम पोर्टल मे शिकायत कर उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित बाबूराम यादव ने बताया की लगभग दो वर्ष पूर्व उनका कच्चा मकान ध्वस्त हो गया था। इस हादसे में मलबे के नीचे दबने से उनकी बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मकान गिर जाने के बाद से पीड़ित परिवार टूटे हुए ढांचे, ईंटों के ढेर और तिरपाल/घास-फूस की अस्थायी झोपड़ी में रहने और खाना-पीना करने को विवश है।
सचिव पर 10 हजार रुपये मांगने और धमकी देने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना प्लस में पात्रता के बावजूद उनका नाम सूची में शामिल नहीं किया गया। जानकारी देते हुये आरोप लगाया की ग्राम विकास अधिकारी शिवाकांत गुप्ता द्वारा आवास आवंटन के एवज में दस हजार रुपये की मांग की जा रही है। वही पूर्व में गौशाला की अव्यवस्थाओं की शिकायत की थी। इसी बात से नाराज होकर सचिव ने खुली चेतावनी दी है कि जब तक मैं गांव का सचिव हूं, तब तक तुम्हें आवास नहीं मिलेगा। पीड़ित के अनुसार दूसरों के मवेशी चराकर किसी तरह परिवार का पेट पाल रहा हूं। सिर छिपाने की कोई सुरक्षित जगह नहीं है, लेकिन सरकारी योजनाओं का लाभ देने के बदले पैसे मांगे जा रहे हैं। पीड़ित बाबूराम ने प्रशासनिक अधिकारियों को सीएम पोर्टल पर शिकायती कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपी सचिव पर कार्रवाई करते हुए शीघ्र पक्का आवास दिलाए जाने की मांग की है।
