सरीला (हमीरपुर)। ब्लॉक के ग्राम पंचायत न्यूली बांसा में अन्ना जानवरों (छुट्टा मवेशियों) के कारण किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। दिन-रात खेतों में घूम रहे दर्जनों अन्ना मवेशी किसानों की लहलहाती फसलों को चट कर रहे हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार न्यूली बांसा गांव की गौशाला को समीपवर्ती इंदरपुरा गांव में शिफ्ट कर दिया गया है, जिसके बाद से दर्जनों अन्ना मवेशी खुले में घूमकर किसानों की फसलों को लगातार नष्ट कर रहे हैं।
लगातार हो रहे नुकसान से परेशान होकर गांव के अर्जुन, इंदल, लल्लूराम, राजेश, हरिसिंह, सूरज, अजयपाल, बालेन्द्र कुमार, महेश सहित आदि किसानों ने 13 अगस्त को उपजिलाधिकारी सरीला को लिखित शिकायत सौंपी थी, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी इस समस्या पर कोई सुनवाई या ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सुस्त रवैया अपनाने के कारण आक्रोशित किसानों ने अब सरीला में अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है।
मामले का संज्ञान लेते हुए सरीला के एसडीएम विकास यादव ने कहा है कि इस मामले की जांच कराई जाएगी और जल्द से जल्द इस समस्या का उचित समाधान किया जाएगा।
