हमीरपुर। जनपद में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर तहसील, विकासखंड, ग्राम पंचायतों, सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों तक राष्ट्रध्वज फहराया गया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों और देश के अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जगह-जगह देशभक्ति के गीतों, नारों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। तिरंगे से सजे विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने कहा कि “स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसे सुरक्षित रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।” उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए नागरिकों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
विद्यालयों में दिखा देशभक्ति का उत्साह
राठ कस्बे और आसपास के क्षेत्र में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। एपेक्स मॉडर्न स्कूल सरसई राठ, द इंडियन हाइट्स ग्लोबल पब्लिक स्कूल राठ, पेंटर कामता प्रसाद शिक्षा संस्थान राठ, सावित्री बाई फुले विद्या मंदिर राठ, सुमन भारती शांति निकेतन सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज राठ, डीएसआर इंटर कॉलेज उमरिया राठ, क्राइस्ट कॉन्वेंट स्कूल राठ, हिन्द एंजिल्स पब्लिक स्कूल राठ, सरस्वती शिशु बाल मंदिर इंटर कॉलेज राठ, अन्ना हंसेन मिशन स्कूल राठ, वीजीएम स्मार्ट स्कूल सहित अनेक शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वन विभाग सरीला-राठ सहित विभिन्न संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिक्षकों और अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास तथा देश के वीर शहीदों के बलिदान से अवगत कराया।
‘देश पहले’ की भावना से सराबोर रहा जनपद
समूचे जनपद में स्वतंत्रता दिवस पर ‘देश पहले’ की भावना दिखाई दी। हर ओर तिरंगा, देशभक्ति के नारे और राष्ट्रप्रेम का उत्साह नजर आया। आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ ही उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोहों में वक्ताओं ने कहा कि आजादी के अमर बलिदानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभाना ही वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
