हमीरपुर। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्वाह्न जिला पुरुष चिकित्सालय परिसर में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला द्वारा एचआईवी/एड्स के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सघन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को अभियान के उद्देश्यों एवं एचआईवी/एड्स से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी देते हुए जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विशेष चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में नोडल अधिकारी, जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम में डॉ. बी.पी. सिंह द्वारा एचआईवी/एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई।शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उपस्थित व्यक्तियों की एचआईवी, टीबी, एसटीआई, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस संबंधी स्क्रीनिंग की गई तथा आवश्यकतानुसार जांच एवं औषधियां उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्षय रोग विभाग एवं आईसीटीसी स्टाफ के साथ-साथ सुमित्रा सामाजिक कल्याण संस्थान, हमीरपुर के कर्मचारियों द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।
