Spread the love

मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के सिजनौड़ा गांव में खेत की मेड़ पर भैंस के लिए चारा काट रही महिला के साथ गालीगलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही चार लोगों पर लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल करने और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
सिजनौड़ा निवासी मूलचंद्र ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी यशोदा शाम करीब चार बजे भैंस के लिए अपने खेत की मेड़ पर चारा काट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के छुटकू, अमित पुत्रगण गगवा, कोतमा पत्नी छुटकू और अमित की पत्नी वहां पहुंचीं और बिना वजह गालीगलौज करने लगीं। विरोध करने पर चारों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, मारपीट के बाद उसकी पत्नी किसी तरह घर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों ने मौके पर पहुंचकर महिला को बचाया। इसके बाद उसने फोन पर घटना की जानकारी अपने पति को दी। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मारपीट की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *