हमीरपुर । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमीरपुर की सचिव वंदना अग्रवाल के निर्देशानुसार कस्बे के जीवीएम गर्ल्स इंटर कॉलेज के सभागार में घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध एवं महिला संरक्षण कानूनों पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका द्विवेदी ने की, जबकि संयोजन एवं समन्वय पैरा लीगल वॉलंटियर गणेश सिंह ने किया।
शिविर में पीएलवी गणेश सिंह ने छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं उपस्थित महिलाओं को घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, दहेज प्रतिषेध अधिनियम-1961 तथा महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा केवल शारीरिक उत्पीड़न तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मानसिक, भावनात्मक, आर्थिक, मौखिक, यौन एवं सामाजिक हिंसा के साथ उपेक्षा भी शामिल है। साथ ही पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता और न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या दीपिका द्विवेदी, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कवि हरीराम गुप्त निरपेक्ष,शिक्षक एवं गीतकार नारायण प्रसाद तिवारी रसिक तथा शिक्षक एवं कवि कैलाश प्रसाद सोनी ने भी महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक जागरूकता पर अपने विचार एवं कविताएं प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रबंधक पुनीत पालीवाल का विशेष योगदान रहा। शिविर में छात्राओं, शिक्षकों एवं महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
