राठ (हमीरपुर)। सरीला क्षेत्र के पुरैनी गांव निवासी किसान बृजनारायण ने विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खंडोत मौजा में स्थित उनके निजी नलकूप का ट्रांसफार्मर पिछले सात महीने से फुंका पड़ा है। कई बार शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, जिससे सिंचाई प्रभावित होने के साथ फसल को भी नुकसान हो रहा है। किसान ने बताया कि उन्होंने समस्या के समाधान के लिए विद्युत कस्टमर केयर, ममना के जूनियर इंजीनियर (जेई) और सरीला के एसडीओ से कई बार लिखित व मौखिक शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सिंचाई व्यवस्था ठप होने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।बृजनारायण ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वह न्यायालय की शरण लेंगे।उधर, मामला सामने आने के बाद विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) ने संबंधित जेई को मौके का निरीक्षण कर जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने के निर्देश दिए हैं। अब किसानों की नजर इस बात पर है कि विभाग का आश्वासन कब तक धरातल पर उतरता है।
