हमीरपुर। थाना मौदहा पुलिस ने ज्वेलर्स की दुकान से चांदी की पायल चोरी के मामले में वांछित महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 311.04 ग्राम वजन की तीन जोड़ी चांदी की पायल बरामद की है पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को मराठीपुरा निवासी रामऔतार ने थाना मौदहा में तहरीर देकर बताया था कि उनकी तहसील रोड स्थित ज्वेलर्स की दुकान पर एक महिला किशोरी के साथ पायल खरीदने के बहाने आई थी। कुछ देर तक पायल देखने के बाद दोनों बिना खरीदारी किए चली गईं। बाद में गिनती करने पर तीन जोड़ी पायल गायब मिलीं। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर महिला द्वारा पायल चोरी किए जाने की पुष्टि हुई तहरीर के आधार पर अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान महिला की पहचान होने पर शनिवार को उसे पढ़ोरी अंडरपास, मौदहा से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की तीन जोड़ी चांदी की पायल बरामद करते हुए मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाकर विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला के विरुद्ध कानपुर नगर के बर्रा थाने में भी पूर्व से चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं।
