हमीरपुर। जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति से संबंधित जन-शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) सुरेश कुमार द्वारा लगातार मॉनिटरिंग करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रशासन की सक्रिय कार्यवाही के परिणामस्वरूप बीते दो दिनों में कई प्रमुख शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है, जबकि शेष कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने की कार्ययोजना पर तेजी से अमल किया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) सुरेश कुमार ने बताया कि गुढ़ा गांव में आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कर पेयजल आपूर्ति पुनः सुचारु कर दी गई है। साथ ही गांव की आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाकर जलापूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया गया है। सायर के मजरा नत्थूपुरवा में जलापूर्ति एवं लो-प्रेशर की समस्या का समाधान कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है। वहीं उपरी गांव के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लो-प्रेशर एवं पाइपलाइन चोकिंग की समस्या दूर कर अधिकांश घरों में पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी गई है।कुछ घर जो शेष हैं उस हेतु टीम लगी हुई है।
उन्होंने बताया कि खंडेहीजार में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है और आज पानी पहुंचा दिया गया है। इसके अतिरिक्त सरहा गांव में पुरानी पाइपलाइन नेटवर्क में चोकिंग की समस्या को दूर करने के लिए अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। गत 28 जून को ग्राम भुलसी के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ओपरेटर द्वारा सही तरीके से बाल्व न खोलने के कारण आपूर्ति प्रभावित थी, जिसे अंतिम हिदायत देकर सुधार हेतु कहा गया। साथ ही अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे द्वारा मा. विधायक हमीरपुर डॉ मनोज कुमार प्रजापति के साथ ग्राम सिसोलर में जलापूर्ति की समस्या को देखा गया दो सप्ताह के अंदर पानी की आपूर्ति में सुधार हेतु कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से कार्यदायी संस्था जिंदल (SPML-JWIL JV) की पूर्व टीम के स्थान पर दिल्ली से नई तकनीकी टीम की तैनाती कराई गई है। यह टीम क्षेत्रीय भ्रमण कर प्रतिदिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर रही है तथा पेयजल परियोजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण की भी प्रभावी निगरानी कर रही है, जिससे कार्यों में उल्लेखनीय तेजी आई है।
अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) सुरेश कुमार ने बताया कि ग्रीष्मकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जनपद स्तर पर 24×7 कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है। पेयजल आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना के लिए सहायक अभियंता अनुराग कुमार (मो. 9899976171) तथा जूनियर इंजीनियर अलकेश कुमार (मो. 8563066051) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। आमजन इन नंबरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिनका प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जन-शिकायतों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर कराया जा रहा है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में जल जीवन मिशन की सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
