Spread the love

चरखारी (महोबा)। क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए चरखारी उपजिलाधिकारी (एसडीएम) धीरेन्द्र कुमार ने आज ग्राम सूपा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं खेतों में पहुंचकर खराब हुई फसलों का स्थलीय निरीक्षण किया और नुकसान का आंकलन किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें आश्वस्त किया कि शासन स्तर पर उचित मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फसल क्षति का सही एवं पारदर्शी सर्वे कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके।
इसके उपरांत एसडीएम ने ग्राम सूपा स्थित ग्राम सचिवालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सरकारी योजनाओं के संचालन, अभिलेखों के रख-रखाव तथा जनसेवाओं की स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विशिष्ट मंडी का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने विशेष रुचि दिखाते हुए ग्राम के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ‘स्कूल चलो अभियान’ की प्रगति तथा नए बच्चों के नामांकन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया जाए।
एसडीएम के इस दौरे से क्षेत्रीय किसानों एवं ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और प्रशासन उनके साथ खड़ा है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *