मुस्करा (हमीरपुर)। विकासखंड कार्यालय के सभागार में बाल विकास परियोजना की ओर से मासिक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य सेविका (सुपरवाइजर) गीता देवी और नम्रता की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) इन्द्रपाल सिंह ने कार्यकर्तियों को पोषण निगरानी से जुड़े अहम बिंदुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया प्रशिक्षण के दौरान डीपीओ इन्द्रपाल सिंह ने कहा कि कुपोषण की समय पर पहचान के लिए बच्चों और गर्भवती महिलाओं का सटीक शारीरिक माप बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्तियों को इन्फेंटोमीटर के जरिए शिशुओं की सही लंबाई नापने, बच्चों का वजन करने और गर्भवती महिलाओं के नियमित वजन जांचने के मानक तरीकों का व्यावहारिक अभ्यास कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि माप लेने में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक की अध्यक्षता कर रहीं सुपरवाइजर गीता देवी और नम्रता ने सभी कार्यकर्तियों को अपने-अपने केंद्रों पर लाभार्थियों की नियमित जांच करने और पोषण ट्रैकर पर समय से डेटा अपडेट रखने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्र की बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्तियां मौजूद रहीं।



