हमीरपुर। राजकीय इंटर कॉलेज हमीरपुर में सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों की जानकारी दी। उन्होंने मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने का आह्वान किया। इस दौरान सचिव, प्रधानाचार्य अरविंद गौतम, शिक्षक और विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना रहा।



