मुस्करा हमीरपुर | सिंचाई विभाग की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र के अन्नदाताओं को भुगतना पड़ रहा है। मौदहा बांध की मुख्य नहर में अब तक पानी न छोड़े जाने और नहर की सफाई का कार्य अधूरा होने के कारण करीब 50 गांवों के किसानों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है मिली जानकारी के अनुसार, मौदहा बांध की मुख्य नहर से लगभग 50 गांवों की कृषि भूमि की सिंचाई होती है। वर्तमान में किसानों के खेत ‘पलेवा’ (बुवाई से पहले की सिंचाई) के लिए खाली पड़े हैं। पानी के अभाव में तिलहन की बुवाई का समय पहले ही निकल चुका है। वहीं, जहां अन्य क्षेत्रों में गेहूं की बुवाई पूरी हो चुकी है, वहां इस क्षेत्र के किसान अभी भी नहर में पानी आने की राह देख रहे हैं। किसानों का कहना है कि बुवाई में हो रही इस देरी के कारण इस वर्ष फसल की पैदावार पर बुरा असर पड़ेगा और वे बर्बादी की कगार पर पहुंच जाएंगे क्षेत्र के ग्राम चन्दौरा के किसान राजनारायण, धर्मपाल, हीरालाल और जसपाल सिंह ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया है। किसानों ने बताया कि चन्दौरा के पास नहर का साइफन लंबे समय से टूटा पड़ा है, जिसकी मरम्मत अभी तक नहीं कराई गई है। यदि बिना मरम्मत कराए नहर में पानी छोड़ा गया, तो सैकड़ों बीघा उपजाऊ जमीन जलमग्न हो जाएगी। इससे खेतों में गर्मियों तक पानी भरा रहेगा और किसान कोई फसल नहीं ले पाएंगे ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार शिकायत करने और खबरें प्रकाशित होने के बावजूद सिंचाई विभाग के अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है आक्रोशित किसानों ने अब जिलाधिकारी हमीरपुर से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर नहर की सफाई, टूटे साइफन की मरम्मत और जल्द से जल्द पानी छोड़े जाने की मांग की है, ताकि समय रहते फसलों की बुवाई हो सके |



