Spread the love

हमीरपुर – भारतीय किसान यूनियन की जिला स्तरीय मासिक किसान पंचायत शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गोल चबूतरे पर आयोजित हुई। पंचायत में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने अपनी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया और उनके समाधान की मांग को लेकर जिलाधिकारी अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपा।
पंचायत के दौरान संगठन के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह का किसानों एवं पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने किसान हितों के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की शपथ ली। उन्होंने कहा कि वह महात्मा टिकैत के बताए सिद्धांतों और आदर्शों पर चलते हुए जिले के किसानों की बदहाल स्थिति में सुधार लाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
संगठन के युवा जिलाध्यक्ष सैय्यद शहबाज अली ने कहा कि बुंदेलखंड का किसान पहले से ही प्राकृतिक आपदाओं की मार झेल रहा है। इसके साथ ही अन्ना मवेशियों की समस्या और समय पर खाद-बीज उपलब्ध न होने से किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए सभी किसानों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
किसान पंचायत में वक्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
इस मौके पर जयनारायण तिवारी, विशाखा राजपूत, पवन शिवहरे, आशाराम शर्मा, लालजी कुशवाहा, बैजनाथ, सुखराम सहित करीब एक सैकड़ा किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *