मुस्करा हमीरपुर। कस्बा मुस्करा से बंडवा मार्ग पर नहर पार करते ही बुधवार को कथित तौर पर शराब के नशे में बाइक चला रहे युवक ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार धर्मराज (30) पुत्र टूकचंद्र अहिरवार घायल हो गए। उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, धीरज (18) पुत्र रामसनेही अपने खेत पर जा रहे थे। नहर पार करने के बाद सामने से आ रहे धर्मराज को तेज गति से बाइक चलाते देखकर धीरज ने अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर दी। आरोप है कि धर्मराज शराब के नशे में एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चला रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क किनारे खड़ी धीरज की बाइक में टक्कर मार दी और सड़क पर गिरकर घायल हो गए हादसे के बाद धीरज ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस पहुंचने पर पायलट मदन सिंह और ईएमटी साजिद अली की मदद से घायल धर्मराज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मनु लिका ने धीरज का प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर जाने की सलाह दी। वहीं, धर्मराज के दाहिने पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया धर्मराज के परिजनों के अस्पताल नहीं पहुंचने पर धीरज के पिता रामसनेही ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायल को हमीरपुर ले जाने की जिम्मेदारी उठाई। उन्होंने बताया कि जब तक धर्मराज के परिजन नहीं पहुंच जाते, वह उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे हैं।