हमीरपुर। जिलाधिकारी हमीरपुर अशोक कुमार की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई बैठक में जिलाधिकारी ने कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर जिला अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को घर-घर भ्रमण कर बच्चों की पोषण स्थिति का सर्वेक्षण करने, पोषाहार का नियमित वितरण सुनिश्चित करने तथा बच्चों का सही वजन लेकर पोषण ट्रैकर पर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके लिए संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान करने तथा दैनिक कार्यवाही का विवरण डायरी में अंकित करने को कहा। घर-घर भ्रमण एवं सर्वेक्षण की समीक्षा आगामी बैठक में की जाएगी जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला को बच्चों का सही वजन लेने के लिए संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षित कराने तथा सभी अधिकारियों को पोषण मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए बैठक में नगर पालिका परिषद हमीरपुर के अधिशासी अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण प्राप्त करने एवं वेतन रोकने की कार्यवाही के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सभी अधिशासी अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को मुख्यालय पर उपस्थित रहने को कहा गया। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर भोजन बनने का प्रमाण पत्र प्राप्त करने तथा उसके आधार पर जिला कार्यक्रम अधिकारी का वेतन आहरित किए जाने के निर्देश दिए गए बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित जिला पोषण समिति से संबंधित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।