हमीरपुर। नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने स्पष्ट किया कि अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अधिकारियों, दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। डीएम ने जनपदवासियों से सभी त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर अपुष्ट खबरों को साझा करने से बचें। अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन या पुलिस को सूचित करें।
पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त जगह, अग्निशमन उपकरण, रेत, पानी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई जाएं। ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल से बचने के साथ ही आयोजन निर्धारित अनुमति और शर्तों के अनुसार ही किए जाएं। डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। अश्लील गाने, शस्त्र प्रदर्शन और प्रतिबंधित गतिविधियों पर रोक का कड़ाई से पालन कराया जाए। नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
विसर्जन मार्गों का होगा निरीक्षण
विद्युत विभाग को जर्जर और ढीले बिजली के तारों को दुरुस्त करने तथा खराब विद्युत खंभों को ठीक कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विसर्जन मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने को कहा गया, ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
सोशल मीडिया पर रहेगी निगरानी
पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और पूजा पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के साथ महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से भ्रामक संदेश, फोटो और वीडियो साझा न करने की अपील की। शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रिजवाना शाहिद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द्र कुमार वर्मा, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार, एसडीएम मौदहा करण वीर सिंह, एसडीएम राठ चित्रा निर्वाल, एसडीएम सरीला विकास कुमार यादव, एसडीएम पैगाम हैदर सहित संबंधित पुलिस उपाधीक्षक, पूजा समिति के प्रतिनिधि और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।