मुस्करा, हमीरपुर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष इदरीश खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुस्करा में प्रदर्शन किया। नवीन गल्ला मंडी से निकला जुलूस नारेबाजी करते हुए मुस्करा चौराहे पहुंचा। यहां पुतला दहन से पहले पुलिस ने पुतला छीन लिया। इसे लेकर पुलिस और सपाइयों के बीच करीब तीन से पांच मिनट तक खींचतान होती रही। इस दौरान चौराहे पर अफरा-तफरी के साथ जाम की स्थिति बन गई।
दोपहर करीब 2:30 बजे नवीन गल्ला मंडी से जिलाध्यक्ष इदरीश खान के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ता जुलूस के रूप में निकले। मुख्य मार्ग पर नारेबाजी करते हुए जुलूस आगे बढ़ा तो सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ राजीव कुमार समेत कई थानों की पुलिस और पुलिस बल जुलूस के साथ चल रहा था। अधिकारियों की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्वक मुस्करा चौराहे तक पहुंचा चौराहे पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान एक निजी वाहन से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला निकाला गया। कार्यकर्ता पुतला दहन की तैयारी कर रहे थे, तभी सीओ राजीव कुमार, थाना प्रभारी रामआसरे सरोज और पुलिस टीम पुतला छीनने के लिए आगे बढ़ी। पुतले को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक खींचतान हुई। अंततः पुलिस ने पुतला अपने कब्जे में ले लिया और राठ रोड की ओर चली गई।
पुतला छिनने के बाद कार्यकर्ताओं ने बैनर-पोस्टर और माचिस के साथ दोबारा आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने इसे भी रोक दिया। इसके बाद सपाई नारेबाजी करते हुए राठ रोड पर आगे बढ़े और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा के गेट के पास नुक्कड़ सभा की।
सभा में जिलाध्यक्ष इदरीश खान ने कहा कि जब भी सरकार डरती है तो पुलिस को आगे कर देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के साथ सादे कपड़ों में आए कुछ लोगों ने पुतला छीना। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि पुलिस के साथ सादे कपड़ों में आए लोग कौन थे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी न्याय की लड़ाई जारी रखेगी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में प्रदेश सचिव ओमप्रकाश सोनकर, पुष्पेंद्र यादव ममना, महिला सभा जिलाध्यक्ष नीलम यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी चंद्रावती राजपूत, शारदा श्रीवास, विपिन राजपूत सांसद प्रतिनिधि, गोकुल राजपूत विधानसभा अध्यक्ष, मानवेंद्र सिंह, विकास राजपूत, मनप्यारे निषाद, अमरचंद पाल, रामसिंह पाल, जयदीप द्विवेदी, मानसिंह विश्वकर्मा, सूर्यप्रकाश उर्फ गुड्डू महाराज, रामसजीवन यादव जिला पंचायत सदस्य समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।