Spread the love

हमीरपुर – सुमेरपुर कस्बे के वार्ड संख्या पांच में स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित सार्वजनिक शौचालय पिछले तीन माह से बंद पड़ा है। शौचालय पर ताला लटकने से महिलाएं खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। नाराज महिलाओं ने नगर पंचायत पहुंचकर प्रदर्शन किया और शौचालय का ताला खुलवाने की मांग को लेकर अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। वार्ड संख्या पांच की निवासी सिम्मो गुप्ता, ममता, सत्यवती, शिवकली, लीलावती, गीता देवी, रीता, अनीता, कुसमा, मुन्नी सहित अन्य महिलाओं और स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत में प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि कई माह पहले मरम्मत के नाम पर सार्वजनिक शौचालय बंद कर दिया गया था। इसके बाद से शौचालय पर ताला लटका है और अब तक उसे नहीं खोला गया। महिलाओं का कहना है कि शौचालय बंद होने से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है। उन्हें मजबूरी में खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है, जिससे असुविधा के साथ-साथ असुरक्षा भी बनी रहती है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने प्रशासन से तत्काल शौचालय का ताला खुलवाकर उसे सुचारु रूप से संचालित कराने की मांग की। अधिशासी अधिकारी दिनेश चंद्र आर्य ने वार्डवासियों को जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *