सुमेरपुर हमीरपुर । गुरुवार को देर शाम बारिश से भीगा गेहूं देखकर अचेत हुए किसान की मौत के बाद शुक्रवार को मृत किसान का अंतिम संस्कार किया गया। मृत किसान कि करीब ढाई सौ कुंतल गेहूं सरकारी केंद्र में बेचने के लिए नलकूप में डम्प पड़ा है। सरकारी केंद्रो में चल रही अव्यवस्था के कारण किसान अभी तक गेहूं नहीं बेच सका है।
गुरुवार को मौसम में हुए बदलाव के बाद हुई बारिश के कारण देवगांव निवासी रामकृपाल सिंह 62 वर्ष करीब ढाई सौ कुंतल गेहूं भीग गया था। शाम को भीगी गेहूं की हालत देखकर किसान को चक्कर आ गया और वह नलकूप में ही बेहोश हो गया। किसान के पुत्र संजय सिंह और दीपक सिंह आनन फानन में उपचार के लिए सदर अस्पताल ले गए। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र संजय सिंह ने बताया कि पिता बहन की शादी की तैयारी कर रहे थे। गेहूं सरकारी केंद्र में बेचने के लिए नलकूप में ही डम्प कर रखा था अचानक हुई बारिश से गेहूं खराब हुआ है। इसी सदमें में उनकी जान चली गई है। शुक्रवार को मृत किसान का अंतिम संस्कार गांव में किया गया। ब्लॉक प्रमुख जय नारायण सिंह यादव, ग्राम प्रधान जितेंद्र खरे आदि ने पहुंचकर किसान के परिजनों को ढांढस बंधाया है।
