राठ (हमीरपुर)। शासन द्वारा वर्ष 2025–26 में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत राठ नगर पालिका द्वारा नगर के मल्हवां रोड पर मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर का निर्माण कराया गया। जिससे नगर पालिका अब सूखा कचरा और गीला कचरा को अलग कर उसे खाद व उसे अन्य उपयोगी कार्य में लाकर राजस्व बढ़ा रही है।
राठ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर में गीला कचरा और सूखे कचरे को अलग-अलग कर सूखे कचरे से जूता चप्पल, काली प्लास्टिक, कांच, कपड़ा व धातु को अलग कर अलग-अलग डब्बों में रखा जाता है। जिन्हें मशीन द्वारा साफ करने के बाद मार्केट में बेचकर राजस्व की बढ़ोतरी की जाती है। वही पैकिंग वाली पन्नी को रोलर से छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर उसे इकट्ठा करने के बाद उससे सड़क के गड्ढों को भरने सहित अन्य कार्यों में लाया जाता है। जबकि गीले कचरे को बायो कंपोस्टर मशीन में डालकर उससे खाद बनाई जाती है। जिसे खेतों में डालकर मिट्टी की उर्वरा शक्ति को आसानी से बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे डोर टू डोर चलने वाली नगर पालिका की सफाई गाड़ी में गीला कचरा और सूखा कचरा अलग-अलग ही डालें। ताकि उसे उपयोग में लाकर उससे पैदा किए गए रुपयों को नगर के विकास में लगाया जा सके।
