Spread the love

हमीरपुर – राठ कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को वन विभाग के एक कर्मचारी ने जहरीले पदार्थ (सल्फास) का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा कथित उत्पीड़न और अवैध रूप से लकड़ी बिकवाने के दबाव से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार धनौरी वन विभाग की पौधशाला रेंज में तैनात स्केलर चंद्रशेखर पटेल (पुत्र सहदेव), निवासी भीकमपुर (कर्वी कोतवाली क्षेत्र, चित्रकूट) ने यह कदम उठाया। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ पहुंचाया। सीएचसी राठ के अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार यादव ने बताया कि मरीज की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे नजदीकी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पीड़ित कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारी उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और अवैध रूप से लकड़ी बिकवाने का दबाव बना रहे थे। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध लकड़ी कटान और कारोबार को लेकर वन माफिया, कुछ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की कथित सांठगांठ की चर्चाएं होती आ रही हैं। फिलहाल मामले को लेकर संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से जांच की अपेक्षा की जा रही है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *