राठ (हमीरपुर)। नगर पालिका परिषद राठ में जनगणना 2027 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक एवं प्रगणक असलम इकराम को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। राठ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।नगर पालिका परिषद द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र के अनुसार असलम इकराम ने वार्ड संख्या 20, कोट बाजार के एचएलबी-106 क्षेत्र में मकान सूचीकरण का कार्य नगर क्षेत्र राठ में सर्वप्रथम पूर्ण किया। उन्होंने सौंपे गए दायित्वों का स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से निर्वहन करते हुए उल्लेखनीय योगदान दिया।अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण का कार्य 22 मई 2026 से प्रारंभ हुआ था। उन्होंने मात्र तीन दिनों में कार्य पूरा कर 24 मई को नगर क्षेत्र में सबसे पहले सूचीकरण कार्य संपन्न किया।असलम इकराम ने बताया कि उन्होंने 22 मई से पहले ही अधिकांश ऑफलाइन कार्य पूरा कर लिया था। ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होते ही आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज कर उन्होंने सबसे पहले कार्य पूर्ण कर लिया। इस अवसर पर हसन अहमद, मनीष भारद्वाज, सरताज सहित अनेक अध्यापक एवं नगर पालिका कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने असलम इकराम के कार्य की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
