Spread the love

हमीरपुर। ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर विकास खंड गोहांड, राठ, सरीला और मुस्करा के ग्राम रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर लंबित मानदेय भुगतान एवं नियमितीकरण की मांग उठाई है। साथ ही मांगें पूरी न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन में कहा गया है कि 11 मई 2026 को आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2021 में रोजगार सेवकों के संबंध में की गई घोषणाओं को लागू कराने, संविदा व्यवस्था समाप्त कर पृथक बजट से मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने तथा बकाया मानदेय के भुगतान की मांग पर चर्चा की गई थी। संगठन का कहना है कि 4 अक्टूबर 2021 को रोजगार सेवकों के सम्मेलन में की गई घोषणाओं को अब तक लागू नहीं किया गया है। संगठन ने आरोप लगाया कि 20 मई 2026 तक लंबित मानदेय भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 30 मई तक भी भुगतान नहीं हो सका, जिससे रोजगार सेवकों के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। रोजगार सेवक संगठन द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार प्रदेश स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से आंदोलन की रणनीति तय की गई है। इसके तहत 2 जून से अनिश्चितकालीन सांकेतिक कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी गई है। इसके बाद 15 जून को जिला मुख्यालयों पर “मुख्यमंत्री वादा निभाओ रैली” आयोजित की जाएगी। मांगें पूरी न होने पर 1 जुलाई को विधानसभा घेराव तथा अन्य स्थानों पर प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन का कहना है कि बकाया मानदेय भुगतान, पृथक बजट से मानदेय व्यवस्था तथा अन्य लंबित मांगों के समाधान को लेकर सरकार को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। संगठन ने प्रशासन से आंदोलन के दौरान किसी भी कर्मचारी पर अनावश्यक कार्य का दबाव न बनाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान ब्लॉक क्षेत्र के अनेक ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *