Spread the love

राठ( हमीरपुर) – विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राठ में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था। सीएचसी राठ के अधीक्षक एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार यादव ने बताया कि अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि धूम्रपान और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है।कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि निकोटिन तंबाकू उत्पादों में पाया जाने वाला एक नशीला रसायन है, जो व्यक्ति को इसकी लत लगा देता है। लगातार तंबाकू सेवन से मुख एवं फेफड़ों का कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक, उच्च रक्तचाप, श्वास संबंधी बीमारियां तथा दांत और मसूड़ों की गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस अवसर पर लोगों को मुख स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक किया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श, नशा मुक्ति उपाय, चिकित्सकीय सलाह और निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी की जानकारी भी दी गई। डॉ. यादव ने आमजन से तंबाकू से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी तंबाकू मुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तंबाकू का त्याग स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में डॉ. कनिष माहुर, विवेक गुप्ता, राजेश पांडेय, आशु, हरि सिंह, स्टाफ नर्स सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन “जिंदगी चुनें — तंबाकू नहीं” के संदेश के साथ किया गया।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *