राठ हमीरपुर | थाना सुमेरपुर क्षेत्र के टेढ़ा गांव में संदीप वर्मा की निर्मम मारपीट के मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के दौरे से पहले सपा नेताओं और पुलिस प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बन गई। समाजवादी पार्टी द्वारा गठित सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य तथा समाजवादी अनुसूचितजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी को गुरुवार देर रात उनके चरखारी रोड स्थित सिकंदरपुरा मोहल्ले के आवास पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया।
शुक्रवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को टेढ़ा गांव पहुंचकर संदीप वर्मा के परिजनों से मुलाकात करनी थी और घटना की जानकारी लेनी थी। इससे पहले ही गुरुवार रात राठ पुलिस उनके आवास पहुंच गई और वहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज से डर रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें 14 घंटे से अधिक समय तक नजरबंद रखा गया, जो लोकतंत्र की हत्या के समान है। उनका कहना था कि वे केवल पीड़ित परिवार का हालचाल जानने जा रहे थे, लेकिन उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया जैसे वे अपराधी हों।
उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को पीड़ित परिवारों से मिलने से रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
मौके पर क्राइम इंस्पेक्टर देवेन्द्र कुमार मिश्रा, एसआई शिवसहाय सरोज सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में निगरानी रखी गई।
